– दनकौर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ की कार्रवाई
– शादी के आठ साल बाद भी पीड़िता को दहेज के लिए किया जा रहा था प्रताड़ित
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दहेज का लालच लोगों के सिर चढ़ कर बोल रहा है। इसका उदाहरण दनकौर क्षेत्र में देखने को मिला है। दहेज में स्कार्पियो व 11 लाख की रकम नहीं मिलने पर पति पुष्पेंद्र ने पत्नी के सिर पर लोहे की राड से हमला कर दिया। मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी पुष्पेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुष्पेंद्र दनकौर के बांजपुर गांव का रहने वाला है।
वर्ष 2016 में हुई थी शादी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी पुष्पेंद्र के साथ वर्ष 2016 में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित कर रहे थे। हमेशा अतिरिक्त दहेज में 11 लाख व स्कार्पियों की मांग करते थे। उसने कई बार ससुराल पक्ष के लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने एक न सुनी। हद तो तब हो गई जब पीड़िता पर लोहे की राड से हमला कर दिया गया।
दहेज अधिनियम के तहत दर्ज है केस
पुलिस ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मामले में दहेज अधिनियम के तहत केस दर्ज है। जल्द ही आरोपी के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी।
Tags : #Dowry #Noida
