-कार्यक्रम में 120 से अधिक विश्वविद्यालयों के छात्र हुए शामिल
-विभिन्न प्रतियोगिता के लिए दर्ज हुए 1400 पंजीकरण
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गलगोटिया विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय कार्यक्रम यूनिफेस्ट 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक दर्शन रावल और डीजे अली मर्चेंट के लाइव परफॉर्मेंस ने विद्यार्थियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। आयोजन में देशभर के 120 से अधिक विश्वविद्यालयों के छात्रों ने भाग लिया, जिसमें लगभग 30 हजार विद्यार्थी शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं में अलग-अलग संस्थानों से 1400 से अधिक पंजीकरण दर्ज किए गए। इनमें तकनीकी प्रतियोगिताओं में 1000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 100 से अधिक पंजीकरण हुए। मीडिया से संबंधित गतिविधियों में 150 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया और विविध श्रेणियों में 300 से अधिक पंजीकरण दर्ज किए गए।

प्रतियोगिता का आयोजन
यूनिफेस्ट 2026 के अंतर्गत ड्रामा, संगीत, नृत्य, ग्लैमर, फाइन आर्ट्स, डिजाइन एवं डिजिटल आर्ट्स, साहित्य, गेमिंग, टेक वेंचर तथा इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप जैसी विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में प्रतिभागियों ने पारंपरिक भारतीय कला और आधुनिक तकनीक का समन्वय प्रस्तुत किया। साहित्य और मीडिया से जुड़ी गतिविधियों में वाद-विवाद, कविता और स्पोकन वर्ड के माध्यम से युवाओं ने अपनी अभिव्यक्ति रखी। वहीं डिजाइन और डिजिटल आर्ट्स में आधुनिक टूल्स के जरिए भारतीय संस्कृति को नए रूप में प्रस्तुत किया गया। आयोजन में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास, दिल्ली विश्वविद्यालय और लखनऊ विश्वविद्यालय सहित कई प्रमुख संस्थानों के विद्यार्थियों की भागीदारी रही। कार्यक्रम को मैकडॉनल्ड्स, गूगल जेमिनी एआई, बक्का बुच्ची और बेवजिला जैसे ब्रांड्स का सहयोग भी प्राप्त हुआ। यूनिफेस्ट 2026 ने विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता, रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का साझा मंच प्रदान किया। जहां उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ विभिन्न संस्थानों के साथ संवाद और सहयोग के अवसर भी मिले।


