द न्यूज गली, नोएडा : आईटी इंडस्ट्री को बिजनेस सर्विस देने वाली कंपनी एक्सेंचर को उसके ही कर्मचारियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर 10 करोड़ 66 लाख का चूना लगा दिया। दो साल में धोखाधड़ी करने के बाद कर्मचारी नौकरी छोड़कर चला गया। मामले में कंपनी प्रतिनिधि आरती गुप्ता ने सेक्टर 58 कोतवाली में कंपनी में पूर्व सीनियर एनालिस्ट नवीन कुमार के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह सब धोखाधड़ी फर्जी बिल तैयार कर की गई। बिल के जरिये कंपनी से वसूली की गई। वसूली की रकम आरोपी के साथियों के खाते में ट्रांसफर हुई।

यह दर्ज हुई रिपोर्ट
मामले में नवीन कुमार के अलावा उसके साथी कर्नाटक निवासी ताताराव और इयानयतुल्ला, गुजरात के जयेश नायक तथा तेलंगाना के श्रीकांत के खिलाफ नामदज रिपोर्ट दर्ज हुई है। सभी आरोपी कंपनी के क्लाइंट्स के लिए बतौर वेंडर काम कर रहे थे। शिकायत में कहा गया है कि एक्सेंचर सॉल्यूशंस कंपनी पिछले तीन दशकों से इंडस्ट्री को विभिन्न सेवाएं दे रही है। नवीन कुमार ने 2022 में कंपनी में नौकरी शुरू की। बतौर सीनियर एनालिस्ट कार्यरत था। नवंबर 2024 में अकाउंट्स में कुछ अनियमितताओं के संकेत मिलने पर जब आंतरिक जांच शुरू हुई, तो सामने आया कि अप्रैल 2022 से नवंबर 2024 के बीच फर्जी इनवॉइस तैयार कर गबन किया गया।

पद का उठाया लाभ
जांच में पता चला कि नवीन कुमार ने अपनी प्रोफाइल और पद का लाभ उठाते हुए वेंडर कंपनियों के नाम पर कुल 1389 फर्जी इनवॉइस तैयार किए, जिनके माध्यम से 10 करोड़ 66 लाख रुपये संबंधित अकाउंट्स में ट्रांसफर किए गए। जब कंपनी ने नवीन से इस विषय में जवाब माँगा, तो उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और संपर्क बंद कर दिया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।