-कार्यक्रम में 150 से अधिक महिलाओं एवं 80 उद्यमियों ने लिया हिस्सा
-औद्योगिक क्षेत्रों में विभिन्न सुविधाएं विकसित करने की एसीईओ ने दी जानकारी
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: इंडस्ट्रियल बिज़नेस एसोसिएशन (IBA) द्वारा एक जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महिला सशक्तिकरण मिशन शक्ति 5.0, फैक्ट्री एवं शॉप एक्ट में पंजीकरण की अनिवार्यता, इसके औद्योगिक एवं आर्थिक लाभ, श्रमिकों एवं महिला कर्मचारियों के अधिकार, सुरक्षा मानक एवं कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित एक अहम जानकारी दी गई। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, औद्योगिक इकाइयों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिला कर्मचारियों, GNIDA की महिला सफाई कर्मियों एवं फैक्ट्रियों में कार्यरत महिला कर्मियों को मिशन शक्ति महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के अंतर्गत सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन संस्था की वाईस प्रेसिडेंट डॉ खुशबू सिंह के प्रतिष्ठान आर्या फैशन्स में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव तथा पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) गौतमबुद्ध नगर मनीषा सिंह थीं। IBA के अध्यक्ष अमित उपाध्याय एवं पूरी कार्यकारिणी टीम ने अतिथियों का स्वागत किया।

किया जा रहा विकास
सुमित यादव ने कहा कि महिलाओं का सम्मान एवं सुरक्षित कार्य-पर्यावरण हर स्तर पर सुनिश्चित किया जाना चाहिए। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण उद्यमियों को अनुकूल औद्योगिक माहौल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक सुविधा केंद्रों की स्थापना, सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। उन्होंने मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रेटर नोएडा की पहचान उसके उद्योगों से है और उद्यमियों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए प्राधिकरण पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होने डॉ खुश्बू सिंह द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं महिलाओ को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा मे किये जा रहे सराहनीय प्रयासों की जमकर तारीफ की। मनीषा सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनपद के विभिन्न थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ महिला सुरक्षाकर्मी उपलब्ध हैं और किसी भी समस्या में तुरंत सहायता ली जा सकती है। सहायक निदेशक कारखाना अंशुल तिवारी ने उद्यमियों को फैक्ट्री एवं शॉप एक्ट में पंजीकरण की प्रक्रिया, इसकी अनिवार्यता, सरल विधि एवं इससे होने वाले कानूनी, औद्योगिक एवं आर्थिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी।

