-योजना से सरकार पर आएगा 400 करोड़ का वित्‍तीय भार
-शिक्षकों ने सरकार का जताया आभार

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: शिक्षकों के स्‍वास्‍थ्‍य का ध्‍यान रखते हुए प्रदेश सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। योजना के तहत प्रदेश के बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के मान्यता प्राप्त स्‍कूलों में कार्यरत शिक्षकों व अन्‍य कर्मचारियों को अस्‍पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। योजना का लाभ प्रदेश के लगभग 15 लाख शिक्षकों को मिलेगा। योजना से सरकार पर लगभग 400 करोड़ रुपए का वित्‍तीय भार आएगा। सरकार के द्वारा लाई गई योजना से शिक्षकों में खुशी है। शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों के साथ ही शिक्षकों ने भी सरकार का आभार जताया है।

मुख्‍यमंत्री का जताया आभार
शिक्षकों के लिए लाई गई सरकार की योजना पर शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा व भाजपा जिलाध्‍यक्ष अभिषेक शर्मा ने प्रेसवार्ता कर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ का आभार जताया। श्रीचंद शर्मा जी ने बताया कि प्रदेश के बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक (CWSN), अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कार्यरत वार्डन, पूर्ण कालिक, अंशकालिक शिक्षक, शिक्षिका एवं प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइए एवं उनके परिवार के सदस्यों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ प्रदेश सरकार द्वारा दिया जाएगा। उन्‍होंने बताया कि शिक्षक प्रकोष्ठ भाजपा उत्तर प्रदेश एवं अन्य शिक्षक संगठनों द्वारा प्रदेश के शिक्षकों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा हेतु उनका सरकारी चिकित्सालयों के  अलावा निजी चिकित्सालयों में भी उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाने की मांग समय समय पर शासन से की जाती रही थी। उक्त को देखते हुए मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश के मान्यता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों को कैशलेस उपचार की सुविधा देगी। जिससे पूरे प्रदेश में लगभग 15 लाख शिक्षकों को योजना का लाभ मिलेगा। अभिषेक शर्मा ने शिक्षकों के लिए कैशलेस योजना को ऐतिहासिक बताया। कहा योजना का लाभ शिक्षकों के साथ ही उनके परिवार को भी मिलेगा। इस अवसर पर
राहुल पंडित, वीरेन्द्र भाटी,कर्मवीर आर्य, प्रवीण शर्मा, यशवीर नागर, जगवीर सिंह, अर्पित तिवारी, मनवीर नागर, शिवकुमार शर्मा सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।