-ट्रेन पकड़ने के लिए ग्रेटर नोएडा के लोगों को जाना पड़ता है 50 किलोमीटर दूर
-रेल मंत्री से की ग्रेटर नोएडा में लंबी दूरी के ट्रेनों के ठहराव की मांग
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर ने ग्रेटर नोएडा व ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लगभग 12 लाख ट्रेन यात्रियों की समस्या को राज्यसभा में रखा। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा के बोड़ाकी व दादरी रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन लंबी दूरी की ट्रेन प्रयागराज, रीवां, वंदे भारत, शताब्दी एक्सप्रेस, शिवगंगा व अन्य ट्रेन गुजरती है। लेकिन इनका ठहराव बोड़ाकी या दादरी रेलवे स्टेशन पर नहीं होता है। ऐसे में यहां पर रहने वाले लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए 50 किलोमीटर दूर दिल्ली या गाजियाबाद जाना पड़ता है। दिल्ली या गाजियाबाद जाने में लंबा समय लगने के साथ ही पैसों की भी बर्बादी होती है। जाम लगने पर ट्रेन छूटने का खतरा रहता है। इसे देखते हुए सुरेंद्र नागर ने रेल मंत्री से मांग की कि दादरी या बोड़ाकी रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव कराया जाए।
लोगों ने सराहा
राज्यसभा में सुरेंद्र नागर ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में देश के कोने-कोने से आकर लोग रह रहे हैं। शिक्षा का हब होने के कारण ग्रेटर नोएडा में बड़ी संख्या में छात्र भी रहते हैं। ऐसे में ट्रेन पकड़ने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। यह समस्या पिछले कई सालों से बनी हुई है। लगभग 12 लाख लोगों की समस्या को राज्यसभा में उठाने पर क्षेत्र के लोगों ने सुरेंद्र नागर का आभार जताया है। उम्मीद जताई जा रही है कि 12 लाख लोगों की समस्या पर सरकार विचार करेगी और जल्द ही दादरी या बोड़ाकी रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव शुरू हो जाएगा।
