-डूब क्षेत्र में अवैध कालोनी बसाने की फिराक में थे कालोनाइजर
-पिछले 15 दिनों में प्राधिकरण ने की 5 बड़ी कार्रवाई
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के डूब क्षेत्र में अवैध कॉलोनी बसाने वालों के खिलाफ प्राधिकरण का अभियान लगातार जारी है। प्राधिकरण के वर्क सर्किल 3 की टीम ने बृहस्पतिवार को रोहिल्लापुर गांव के डूब क्षेत्र में अवैध कालोनी काटने वालों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान प्राधिकरण ने 1800 वर्गमीटर जमीन को कब्जा मुक्त करा दिया। अधिकारियों ने बताया कि कुछ लोग यहां पर अवैध कॉलोनी काटने की तैयारी कर रहे थे। उन्हें चेतावनी दी गई है यदि उन्होंने दोबारा निर्माण किया तो कानूनी कार्रवाई होगी।
लगातार जारी है अभियान
अधिकारियों ने बताया कि रोहिल्लापुर के खसरा संख्या 22 व 33 की करीब 18000 वर्ग मीटर जमीन हिंडन के डूब क्षेत्र में है। यह प्राधिकरण के अधिसूचित एरिया में है। कुछ कालोनाइजर डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण कर कालोनी काटने की कोशिश कर रहे थे। प्राधिकरण के परियोजना विभाग के वर्क सर्किल 3 की टीम ने पुलिस के सहयोग से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। वर्क सर्किल-3 के प्रभारी राजेश कुमार निम के नेतृत्व में प्रबंधक लव शंकर भारती व टीम ने प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में बुल्डोजर से करीब दो घंटे की कार्रवाई में इसे ध्वस्त कर दिया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि डूब क्षेत्र में प्लॉटिंग होने की शिकायत प्राप्त हुई थी, जिस पर यह कार्रवाई की गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने विगत 15 दिनों में अतिक्रमण के खिलाफ 5 बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने 20 जनवरी को भनौता में 11340 वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया था। 28 जनवरी को हैबतपुर में 6000 वर्ग मीटर, 4 फरवरी को भनौता में 10 हजार वर्ग मीटर और अब बृहस्पतिवार को रोहिल्लापुर में 18 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया है। वहीं, 29 जनवरी को खेड़ा चौगानपुर में 8 टॉवरों के 100 से अधिक फ्लैटों को सील किया गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की तरफ से अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के लिए लगातार हो रही कार्रवाई से कॉलोनाइजरों में हड़कंप मचा हुआ है।
