-मांगों के समर्थन में किसानों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में सौंपा ज्ञापन
-सभी समस्‍याओं को जल्‍द हल कराने की मांग

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: किसान एकता महासंघ के कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्‍न मांगों के समर्थन में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर प्रदर्शन किया। लगातार की जा रही मांग के बाद भी समस्‍याओं को हल न करने का आरोप लगाया। किसानों ने राष्ट्रीय सरंक्षक बाली सिंह व राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश कसाना के नेतृत्व में 7 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को सौंपा। मांग की कि किसानों की सभी समस्‍याओं का निस्‍तारण जल्‍द से जल्‍द करा दिया जाए। संगठन के जिलाध्यक्ष अरविन्द सैकेटरी ने कहा कि पिछले काफी लंबे समय से किसानों की समस्याएं चली आ रही हैं, प्राधिकरण के अधिकारी किसानों की समस्याओं को अनदेखी कर रहे हैं।

यह है मांग
किसानों ने कहा कि ज़मीनों का अधिग्रहण किए हुए काफी समय बीत जाने के उपरांत भी बादलपुर, बिसनूली, बिसरख, सुनपुरा, बिरोडा, बैदपूरा, रिठोडी, सिरसा सहित दर्जनों गावों में अभी तक किसानों के 6 प्रतिशत आवासीय भूखंड नहीं दिए। किसानों को भूखंड का आवंटन तत्‍काल किया जाए। किसानों ने कहा कि प्राधिकरण ने गांवों में बिना किसी आबादी सर्वे एवं नक्शे बनाए हुए ही 6 आवासीय भूखण्ड किसानों की ग्रामीण आबादियां में लगा दिए हैं। जबकि मौक़े पर ग्रामीण आबादियां बनीं हुई है, मांग की कि इस प्रकार के सभी भूखंड को तत्काल अन्य जगह पर लगा कर निस्तारण किया जाए। किसानों ने मांग की कि किसानों की पूरानी आबादियों का निस्तारण प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के तहत सैटेलाइट के आधार पर किया जाए, जिन किसानों के लीज बैंक के लेटर मिल गए हैं उन किसानों की लीज बैंक व शिफ़्टिंग के प्रकरणों का निस्तारण किया जाए। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में लगने वाली कम्पनियों मे स्थानीय किसानों के बच्चों को योग्यता के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर रोज़गार दिया जाए। साथ ही मांग की कि सभी गांवों में बारात घर, खेलकूद के मैदान, मिनी स्टेडियम, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आदि बनवाकर ग्रामीणों को प्राथमिक जनसुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस अवसर पर बाली सिंह,रमेश कसाना,रामानंद कसाना,राजेंद्र चौहान,अमित नागर,रवींद्र नागर,सावित्री देवी, बिजेंद्री देवी,माँगे प्रधान,रज़्ज़ाक़ ठेकेदार, कुलदीप राजपूत,कपिल शर्मा सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।