-ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट में लंबे समय से हो रही मेट्रो कनेक्टिविटी की मांग
-प्रदर्शन के माध्‍यम से केंद्र सरकार का ध्‍यान करेंगे आकर्षित

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट की सैकड़ों सोसायटी के सा‍थ ही सेक्‍टर व गांव में पांच लाख से अधिक लोग रहते हैं। लोगों के द्वारा पिछले लंबे समय से ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट में मेट्रो कनेक्टिविटी की मांग की जा रही है। अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के द्वारा सिर्फ आश्‍वासन ही दिया जाता है, ऐसे में मेट्रो की सुविधा न मिलने पर लोगों को आए दिन परेशानी सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सामाजिक संगठन नेफोवा (NEFOWA) के नेतृत्व में निवासियों ने 15 मार्च 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़े पैमाने पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। हजारों निवासी दिल्ली पहुंचकर प्रदर्शन के माध्‍यम से केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे।

लंबित चल रहा मामला
लोगों का कहना है कि यहां के लाखों लोग प्रतिदिन घंटों जाम में फंसकर अपना जीवन व्यतीत कर रहे हैं, जिससे समय, ईंधन और स्वास्थ्य पर भारी बोझ पड़ रहा है। निवासियों ने आरोप लगाया है कि जहां कम आबादी वाले क्षेत्रों में केंद्र सरकार ने मेट्रो विस्तार को मंजूरी दे दी है, वहीं ग्रेटर नोएडा वेस्ट जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में परियोजना लंबित पड़ी हुई है। नेफोवा फाउंडेशन के अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने मेट्रो की फाइल को मंजूरी देकर केंद्र सरकार के पास भेज दिया था, लेकिन तब से अब तक यह फाइल लंबित है। लगभग तीन बार केंद्र सरकार के द्वारा यहां के डीपीआर को निरस्त करके रूट को बदला जा चुका है एवं अभी भी मेट्रो की फाइल पीएमओ ने रोका हुआ है। इस देरी के कारण क्षेत्र के निवासी भारी असुविधा झेल रहे हैं। हम 15 मार्च को हजारों की संख्या में दिल्ली पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। दीपांकर कुमार ने कहा कि उम्मीद है कि इस प्रदर्शन के बाद ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए मेट्रो विस्तार को शीघ्र मंजूरी मिलेगी और परियोजना का रास्ता साफ होगा।