-ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट, एक्‍सप्रेस वे व अन्‍य स्‍थानों पर बस चलाने की मांग
-मांग के समर्थन में परिवहन मंत्री को दिया पत्र

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: विधायक तेजपाल नागर ने हजारों यात्रियों की सुविधा का ध्‍यान रखते हुए दादरी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्‍न स्‍थानों पर सार्वजनिक परिवहन उपलब्‍ध कराने की मांग की है। विधायक का कहना है कि परिवहन सुविधा न होने के कारण लोगों को आए दिन परेशान होना पड़ता है। निजी वाहनों का उपयोग करने पर लोगों की जेब पर अतिरिक्‍त भार पड़ता है। मांग के समर्थन में विधायक ने परिवहन मंत्री से मिलकर उन्‍हें पत्र सौंपा है। मांग की है कि प्रस्‍तावित मार्गों पर तत्‍काल सेवा शुरू की जाए।

इन मार्गों पर बस चलाने की मांग
परिवहन मंत्री को लिखे पत्र में विधायक तेजपाल नागर ने ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट से सेक्‍टर 52 मेट्रो स्‍टेशन तक बस सेवा प्रारंभ कराने व मेट्रो परियोजना का क्रियान्‍वयन शीघ्र कराने की मांग की है। साथ ही विधायक ने मांग की है कि दादरी, जारचा, एनटीपीसी, धौलाना, पिलखुआ तक, गाजियाबाद से कचैड़ा, दुजाना व एनटीपीसी तक और दादरी से जारचा, लुहारली तक सरकारी बस सेवा शुरू की जाए। इसके अतिरिक्‍त विधायक ने नोएडा एक्‍सप्रेस वे पर परीचौक से बोटनिकल गार्डेन तक भी बस सेवा शुरू करने की मांग की है। विधायक का कहना है कि सरकारी बस सेवा न होने से यात्रियों की निर्भरता निजी वाहनों पर बढ़ रही है। इस कारण प्रदूषण के साथ ही आए दिन जाम की समस्‍या भी सामने आती है। विधायक ने बताया कि परिवहन मंत्री ने सभी मार्गों पर जल्‍द ही सरकारी बस सेवा शुरू कराने का आश्‍वासन दिया है। बस सेवा शुरू होने पर प्रतिदिन हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी।