-पूर्व उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को दिया शोध एवं नवाचार का संदेश
-मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जगद्गुरु रामानंदाचार्य व स्वामी सतीशाचार्य
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में चल रहे रजत जयंती समारोह का समापन हो गया। 13 फरवरी से चल रहे आयोजन में विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुत हुई। कार्यक्रम के अंतिम दिन बड़ी संख्या में अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पचीस वर्षों की सफल, संस्कारमय एवं उत्कृष्ट शैक्षिक यात्रा का यह उत्सव ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी सिद्ध हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दिन मुख्य अतिथि के रूप में जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी व सतीशाचार्य महाराज पधारे। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और राष्ट्र सेवा का सशक्त आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त शिक्षा, नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं राष्ट्रहित में समर्पित जीवन जीने का संदेश दिया। साथ ही संस्थान को संस्कार और उत्कृष्टता का संगम बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से केंद्रीय राज्य जल शक्ति मंत्री डॉ.राज भूषण चौधरी, उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री व वर्तमान में राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा , पूर्व केंद्रीय मंत्री व बीजेपी के वरिष्ठ नेता अश्विनी कुमार चौबे, पूर्व केंद्रीय मंत्री व वर्तमान में गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा व अन्य ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। साथ ही उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश कुमार पाठक तथा केंद्रीय कोयला राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे ने वीडियो संदेश से कॉलेज को बधाई दी।

युवाओं की भूमिका पर बल
डॉ. राज भूषण चौधरी (केंद्रीय राज्य जल शक्ति मंत्री) ने कहा कि देश के विकास में शिक्षित एवं कुशल युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जल संरक्षण, सतत विकास एवं तकनीकी नवाचार में युवाओं की सहभागिता पर बल दिया और संस्थान के योगदान की प्रशंसा की।डॉ. दिनेश शर्मा (पूर्व उपमुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद) ने कहा कि शिक्षा ही समाज को दिशा देने का कार्य करती है। जीएनआईओटी ने पच्चीस वर्षों में जिस उत्कृष्टता के साथ कार्य किया है, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने विद्यार्थियों को शोध, नवाचार एवं प्रतिस्पर्धात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया। अश्विनी कुमार चौबे (पूर्व केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ भाजपा नेता) ने भारतीय संस्कृति एवं मूल्यों पर आधारित शिक्षा प्रणाली को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की ऊर्जा सबसे बड़ी शक्ति है। डॉ. महेश शर्मा (सांसद, गौतमबुद्धनगर, पूर्व केंद्रीय मंत्री) ने संस्थान की प्रगति पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि जीएनआईओटी ने क्षेत्र के शैक्षिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने डिजिटल शिक्षा एवं वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए विद्यार्थियों को तैयार रहने की प्रेरणा दी। डॉ. नरेश बंसल (राज्यसभा सांसद) ने कहा कि अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने संस्थान की उपलब्धियों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने की सलाह दी। सुरेश राणा (पूर्व कैबिनेट मंत्री) ने युवाओं को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया तथा कौशल विकास और उद्यमिता को अपनाने की प्रेरणा दी। बृजेश कुमार पाठक, उपमुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश ने अपने वीडियो संदेश में संस्थान को रजत जयंती की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही उत्तर प्रदेश को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी। सतीश चंद्र दुबे केंद्रीय कोयला राज्यमंत्री ने अपने वीडियो संदेश में युवाओं को ऊर्जा, समर्पण और नवाचार के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया तथा संस्थान की प्रगति की सराहना की। संस्थान के चेयरमैन डॉ. राजेश गुप्ता ने अपने उद्बोधन में संस्थान की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की प्रेरणादायी यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों से प्रारंभ हुआ यह संस्थान आज राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुका है। उन्होंने अनुसंधान, नवाचार, डिजिटल शिक्षा, उद्योग–संस्थान सहयोग एवं वैश्विक सहभागिता को भविष्य की प्राथमिकता बताया।संस्थान के वाइस चेयरमैन गौरव गुप्ता एवं जीआईएमएस संस्थान के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह ने समस्त अतिथियों का संस्थान परिसर में स्वागत करते हुए स्थापना दिवस सह रजत जयंती समारोह में शामिल होने के लिए धन्यवाद प्रेषित किया।


