-घटना के 24 घंटे के अंदर पुलिस ने बदमाश को किया गिरफ्तार
-उपचार के लिए बदमाश को अस्पताल में कराया गया भर्ती
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दनकौर कोतवाली क्षेत्र में खेत पर काम करने के दौरान एक किसान को बदमाश ने गोली मार दी थी। पुलिस ने टीम का गठन कर मात्र 24 घंटे के अंदर मुठभेड़ के बाद आरोपित कायदे आजम को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में कायदे आजम के पैर में गोली लगी है। उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाश के ऊपर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। बदमाश के पास से पुलिस ने तमंचा, मोटर साइकिल व अन्य सामान बरामद किया है।
यह थी घटना
थाना दनकौर पर डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि अट्टा फतेहपुर गांव के रहने वाले कासिम को खेत पर काम करते समय गाँव के ही अभियुक्त कायदे आजम द्वारा पीड़ित के साथ गाली-गलौज करते हुए गोली मार दी गई थी। घटना के बाद बदमाश फरार हो गया था। पुलिस ने तत्काल अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया था। 7 अप्रैल को खजूर वाले बाबा अंडरपास के समीप सर्विस रोड पर अभियुक्त कायदे आजम की तलाश के दौरान पुलिस टीम को एक व्यक्ति संदिग्ध आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया , जिस पर उसने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। जिसकी पहचान कायदे आजम के रूप में हुई।
