-आरोपित के पास से 50 फर्जी वर्क परमिट एन्ट्री पास बरामद
-एक व्यक्ति से डेढ़ से दो लाख रुपये की करता था वसूली
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: बिसरख कोतवाली पुलिस को एक ठग को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हाथ लगी है। ठग के द्वारा विदेश भेजने के नाम पर लोगों से लाखों रूपये की ठगी की जाती थी। आरोपित की पहचान इसहाक युनुस के रूप में हुई है। आरोपित के पास से पुलिस ने फर्जी वर्क वीजा व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस को अभियुक्त द्वारा बताया गया कि व्यक्तियों को कूटरचित वर्क परमिट, एन्ट्री पास, एग्रीमेन्ट लेटर, कान्ट्रेक्ट लेटर भेजकर विदेश भेजने के नाम पर ठगी करता था। इस काम के लिए एक व्यक्ति से डेढ़ से दो लाख रुपये लेता था। जो व्यक्ति ऑफिस विजिट करने आते थे उन्हे अपना फर्जी नाम संतोष बताता था। ठग के द्वारा अपने पास इस नाम का कूटरचित आधार कार्ड भी बनवाया गया था।
कई के साथ ठगी
बिसरख पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से आरोपित को चार मूर्ति गोलचक्कर के पास से गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला है कि आरोपित के द्वारा अब तक कई लोगों से लाखों रुपए की ठगी की जा चुकी थी। पुलिस ने आरोपित के पास से 50 फर्जी वर्क परमिट एन्ट्री पास, 03 क्रिटोनिका कंपनी के एग्रीमेन्ट लेटर, 03 क्रिटोनिका कंपनी के कोन्ट्रैक्ट लेटर (मालदीव), 01 फर्जी आधार कार्ड की फोटो कापी, 01 आधार कार्ड, 01 पैन कार्ड , 03 मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किए हैं।
