-2007 में हुआ जमीन का अधिग्रहण अभी तक नहीं मिला प्लाट
-महांपचायत के लिए किसानों ने गांव-गांव में शुरू किया जनसंपर्क
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा:जिले के लगभग 20 हजार किसानों की जमीनों का अधिग्रहण 2007-2008 में हुआ था। कहा गया था कि किसानों को 6 के साथ ही 4 प्रतिशत का प्लाट भी मिलेगा। प्लाट के लिए किसान लगातार प्राधिकरण कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, साथ जनप्रतिनिधियों से भी मिले हैं लेकिन अभी तक किसानों को प्लाट नहीं मिला है। इस कारण किसानों की नाराजगी बढ़ती जा रही है। अपनी मांग को पूरा कराने के लिए किसानों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर 1 से 10 मई तक महापंचायत करने का निर्णय लिया है। किसानों ने चेतावनी दी है कि इस बार मांग पूरी होने पर धरना जारी रहेगा।
20 हजार किसानों को उम्मीद
भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक मंच के द्वारा ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता की गई। संगठन के राष्ट्रीय सचिव चौधरी प्रकाश प्रधान ने कहा कि 4 प्रतिशत आबादी भूखंड के लिए जो किसान कोर्ट गए थे उन सभी को प्लाट देने का आदेश हुआ था। न्यायालय ने कहा था शेष किसानों के लिए प्राधिकरण अपने स्वविवेक से निर्णय ले। प्रकाश प्रधान का कहना है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अपनी बोर्ड बैठक में 4 प्रतिशत प्लाट देने का निर्णय लिया था उसके बावजूद प्लाट नहीं दिए गए। लंबे इंतजार के बाद किसानों ने आर-पार का निर्णय ले लिया है। किसानों को जब तक उनका वैध अधिकार 4 प्रतिशत आबादी भूखंड प्राप्त नहीं हो जाता, तब तक जन संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। इस अवसर पर धीरज प्रमुख, जयचंद भाटी, सुबीन भाटी, बॉबी नागर, महकेश भाटी, लाला उर्फ महरचंद, सुनील भाटी, प्रवीण शर्मा,जयवीर कसाना, पप्पू,विजेंद्र चौहान, राजू प्रजापति, मुखिया, फिरे सहित अन्य लोग मौजूद थे।
