-परेशान पिता ने डीएम से लगाई थी सिलेंडर दिलाने की गुहार
-शादी के लिए डीएम ने दिलवाए 20 कामर्शियल सिलेंडर

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: एक पिता ने अपनी बेटी की शादी का सपना वर्षों पूर्व संजोया था। लेकिन जब शादी नजदीक आई तो बाजार में सिलेंडर की किल्‍लत उनके सामने बड़ी बाधा बनकर खड़ी हो गई। शादी की तैयारियों के साथ परेशान पिता सिलेंडर के लिए गैस एजेंसियों का चक्‍कर लगाते रहे, हर जगह से उन्‍हें निराशा ही मिली। थकहार कर पिता ने डीएम से सिलेंडर दिलाने की गुहार लगाई। डीएम मेधा रूपम ने पिता के दर्द को समझा और सिलेंडर दिलाने का आश्‍वासन दिया। आश्‍वासन के मात्र 24 घंटे के अंदर ही पिता को 20 सिलेंडर मिल गए। सिलेंडर मिलते ही वह खुश हो गए। उन्‍होंने डीएम का आभार जताया है।

परेशानी हुई दूर
खानपुर गांव के रहने वाले अनिल भाटी की बेटी की शादी 27 अप्रैल को है। शादी की तैयारी उनके द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। खादी में मेहमानों का खाना बनाने के लिए हलवाई ने 20 सिलेंडर की मांग की थी। सिलेंडर खरीदने के लिए वह कई एजेंसी गए लेकिन उन्‍हें सफलता नहीं मिली। 9 अप्रैल को अनिल ने डीएम मेधा रूपम से मुलाकात की और अपनी परेशानी से अवगत कराया। बेटी की शादी का कार्ड भी दिखाया। डीएम ने उन्‍हें 20 सिलेंडर दिलाने का आश्‍वासन दिया। 10 अप्रैल को कासना में गैस एजेंसी पहुंचकर उन्‍होंने सिलेंडर प्राप्‍त कर लिया।