-शिकायत के बाद मामले की पिछले लंबे समय से चल रही थी जांच
-फर्जीवाड़े की राशि और बड़ी होने की आशंका

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में 5 करोड़ रुपए का बड़ा फर्जीवाड़ा प्रकाश में आया है। जिसके बाद गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के रजिस्‍ट्रार प्रभारी सीके सिंह ने 12 लोगों के खिलाफ ईकोटेक प्रथम कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। यह मुकदमा विश्वविद्यालय के तत्‍कालीन रजिस्‍ट्रार डाक्‍टर विश्‍वास त्रिपाठी सहित 12 लोगों के खिलाफ दर्ज कराया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि विश्वविद्यालय में डाक्‍टर विश्‍वास त्रिपाठी का कार्यकाल लगभग पांच वर्ष तक था। अभी पिछले एक वर्ष के कागजों की जांच हुई है। संभावना जताई जा रही है पूरे पांच वर्ष की जांच होने पर फर्जीवाड़े की राशि बहुत बड़ी हो सकती है।

इन लोगों पर मुकदमा
विश्वविद्यालय के रजिस्‍ट्रार प्रभारी सीके सिंह ने तत्‍कालीन रजिस्‍ट्रार डाक्‍टर विश्‍वास त्रिपाठी, तत्‍कालीन वित्‍त अधिकारी नीरज कुमार, तत्‍कालीन लेखाधिकारी शिलेंद्र कुमार, मुदित कुमार, विजय प्रताप सिंह, मुकेश पांडे, शिव कुमर खत्री, शिवम, संदीप, श्‍याम, नवीन व सुभाष के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ता ने कहा है कि इन लोगों ने छात्रों के द्वारा जमा की गई फीस को जानबूझकर हड़प लिया। जमा फीस की नकली यूपीआई लेन-देन रशीद को विश्वविद्यालय के शुल्‍क संग्रह साफ्टवेयर में दर्ज कर दिया। जिससे शुल्‍क लिए जाने का दिखावा किया जा सके। जांच में सामने आया है कि वास्‍तविक जमा राशि विश्वविद्यालय के बैंक में नहीं पहुंची। विश्वविद्यालय में बड़ा फर्जीवाड़ा प्रकाश में आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है।