-मेंटेनेंस चार्ज को लेकर कई दिनों से चल रहा था विवाद
-कर्मचारियों ने दुकानों के आगे फैलाया कूड़ा

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट की गौड़ सिटी वन के 7 एवेन्‍यू में शनिवार को हाउसकीपिंग स्‍टाफ का गुस्‍सा देखने को मिला। दुकानदारों के द्वारा मेंटेनेंस चार्ज न देने पर भड़के हाउसकीपिंग स्‍टाफ ने दुकानों के आगे कूड़ा फैला दिया। कूड़ा फैला होने से दुकानदारों के साथ ही वहां से गुजरने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में सफाई कर्मचारियों को बुलाकर कूड़ा साफ कराया गया। बताया जा रहा है कि मेंटेनेंस चार्ज को लेकर विवाद अभी चल रहा है। सोसायटी में रहने वाले लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

भड़के कर्मचारी
सोसायटी में फ्लैट मालिकों के साथ ही दुकानदारों से भी मेंटेनेंस चार्ज लिया जाता है। दुकानदारों के द्वारा पिछले कुछ समय से मेंटेनेंस चार्ज नहीं दिया जा रहा था। चार्ज वसूली को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा था। सोसायटी के लोगों का कहना है कि शनिवार को हाउसकीपिंग स्‍टाफ के कर्मचारी दुकानों के पास पहुंचे। मेंटेनेंस चार्ज को लेकर दुकानदारों से कुछ देर तक वार्ता हुई और वहां पर कूड़ा फैला दिया। कूड़े की बदबू से दुकानदार परेशान हो गए।