-उद्यमियों को ग्रेटर नोएडा में इंडस्ट्री लगाने का मिला अवसर
-योजना में 12 मई तक करा सकते हैं पंजीकरण
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़े औद्योगिक भूखंडों की योजना निकाली है। योजना में 9000 से लेकर एक लाख वर्ग मीटर तक के 24 भूखंड हैं। यह भूखंड इकोटेक-11, इकोटेक-01, एक्सटेंशन-01,इकोटेक-10, इकोटेक-16, इकोटेक-8 और सेक्टर-16 में हैं। योजना में शामिल होने के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 12 मई है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने के साथ ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के द्वारा निकाली गई बड़े औद्योगिक भूखंडों की योजना से उद्यमियों को उद्योग लगाने का बड़ा अवसर मिला है। खास बात है कि योजना में भूखंड का आवंटन साक्षात्कार के माध्यम से होगा।
निवेश की संभावना
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने के साथ ही यहां पर निवेश के लिए लोगों की रुचि बढ़ी है। निवेश के लिए राष्ट्रीय के साथ ही अंतरराष्ट्रीय कंपनियां भी आगे आ रही हैं। ऐसे में प्राधिकरण अधिकारियों को उम्मीद है कि बड़ा निवेश प्राप्त होगा। योजना की एक खास बात यह भी है कि नई औद्योगिक नीति के तहत बड़े औद्योगिक भूखंडों की योजना पहली बार आई है। योजना में भूखंडों का आकार 9065, 10776, 11111, 12613, 13400, 20246 से लेकर 1 लाख वर्गमीटर तक है। योजना में अच्छा निवेश आने के साथ ही बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलने की भी उम्मीद है।
