-नया आदेश 1 अप्रैल से लागू करने का दिया निर्देश
-सबसे अधिक नोएडा व गाजियाबाद में बढ़ाया सैलरी
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: प्रदेश सरकार ने लाखों कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने की मांग को मान लिया है। खास बात है कि नई दरों में प्रदेश में सबसे अधिक लगभग ढ़ाई हजार रुपए की सैलरी नोएडा व गाजियाबाद में बढ़ाई गई है। नई दरों के तहत अकुशल श्रमिकों को 11313 की बजाए अब 13690, अर्धकुशल श्रमिकों को 12445 की बजाए अब 15059 व कुशल श्रमिकों को अब 13940 की बजाए 16868 रुपए की सैलरी मिलेगी। सरकार ने निर्देश दिए हैं कि कर्मचारियों को सैलरी देने की नई दरें 1 अप्रैल से लागू होंगी। सरकार के द्वारा सैलरी बढ़ाए जाने का आदेश जारी किए जाने पर कर्मचारियों ने खुशी जताई है।
कमेटी का गठन
उत्तर प्रदेश शासन ने गौतम बुद्ध नगर में उत्पन्न औद्योगिक असामंजस्य की स्थिति के दृष्टिगत, संबंधित स्टेकहोल्डर्स के साथ प्रभावी संवाद स्थापित कर औद्योगिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति के अध्यक्ष औद्योगिक विकास आयुक्त, उत्तर प्रदेश होंगे। समिति में अपर मुख्य सचिव, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, उत्तर प्रदेश तथा प्रमुख सचिव, श्रम एवं सेवायोजन विभाग, उत्तर प्रदेश को सदस्य के रूप में नामित किया गया है। इसके अतिरिक्त सदस्य सचिव के रूप में श्रम आयुक्त उत्तर प्रदेश (कानपुर) को सम्मिलित किया गया है। समिति में श्रमिक संगठनों के 05 प्रतिनिधि एवं उद्यमी संघों के 03 प्रतिनिधि भी सदस्य के रूप में शामिल हैं। सरकार के द्वारा गठित की गई उच्च स्तरीय समिति गौतम बुद्ध नगर में पहुंच चुकी है। प्राथमिकता के आधार पर संबंधित प्रकरण का परीक्षण करते हुए अपनी आख्या शीघ्र ही शासन को प्रस्तुत करेगी।
