द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: स्पर्श ग्लोबल स्कूल में स्पर्श सितारे एवं इन्वेस्टिचर समारोह का आयोजन किया गया। गरिमा, उत्साह एवं प्रेरणा का अद्वितीय संगम सिद्ध हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम और नेतृत्व क्षमता का भव्य सम्मान किया गया। आयोजन केवल एक औपचारिक समारोह न होकर शिक्षा, संस्कार, संस्कृति एवं उत्तरदायित्व के समन्वित दर्शन का सजीव उदाहरण बनकर उभरा। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति, सीईओ अमित सक्सेना तथा प्रधानाचार्या डॉ. मोनिका रंधावा ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। कक्षा VI से XI तक के विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों, विषयगत श्रेष्ठता, छात्रवृत्तियों तथा समग्र उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। मंच पर सम्मान ग्रहण करते विद्यार्थियों के आत्मविश्वासपूर्ण व्यक्तित्व उनकी कठिन साधना, अनुशासित जीवनशैली एवं उत्कृष्टता के प्रति अटूट समर्पण के प्रेरक प्रतीक बनकर उभरे। प्रत्येक सम्मान ने यह उद्घोषित किया कि निरन्तर परिश्रम ही सफलता का वास्तविक आधार है।

छात्रों की प्रस्‍तुति
समारोह का सर्वाधिक आकर्षक एवं आध्यात्मिक आयाम भगवान विष्णु के दशावतार पर आधारित भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति रही। विद्यार्थियों ने प्रभावपूर्ण अभिनय, मनोहारी नृत्य-रचना एवं भावपूर्ण अभिव्यक्ति के माध्यम से धर्म की अधर्म पर विजय के सनातन संदेश को अत्यन्त प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रस्तुति में भारतीय सांस्कृतिक चेतना, नैतिक मूल्यों एवं आध्यात्मिक गरिमा का अद्भुत समन्वय दृष्टिगोचर हुआ। सभागार तालियों की अनवरत गूँज से प्रतिध्वनित होता रहा तथा उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो उठा। प्रधानाचार्या डॉ. मोनिका रंधावा ने सभी नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नव-नियुक्त हेड बॉय, हेड गर्ल, हाउस कैप्टन, स्पोर्ट्स कैप्टन, सांस्कृतिक प्रमुख, सम्पादकीय प्रमुख तथा इको क्लब प्रतिनिधियों ने सत्यनिष्ठा, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं सेवा-भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। डॉ. मोनिका रंधावा ने कहा कि नेतृत्व अधिकार का नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व, संवेदनशीलता एवं आदर्श आचरण का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि एक सच्चा नेता वही होता है, जो अपने आचरण, विनम्रता एवं समर्पण से दूसरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय की गौरवशाली परम्पराओं को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।