द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क तीन में स्थित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में चल रही प्रथम शूटिंग चैंपियनशिप के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में फोकस फायर शूटिंग अकादमी के सहयोग से आयोजित प्रथम दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल शूटिंग चैंपियनशिप 28 मई तक चलेगी। प्रतियोगिता में विभिन्न अकादमियों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। आकाश अकादमी मेरठ, मुजफ्फरनगर शूटिंग अकादमी, लकी शूटिंग अकादमी सहित कई अन्‍य प्रतिष्ठित अकादमियों के प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। मुकाबलों का मुख्य आकर्षण लिटिल चैंप श्रेणी रही। जिसमें लकी शूटिंग अकादमी के एक छात्र ने 200 में से 196 अंक प्राप्त कर सभी को प्रभावित किया। वहीं 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में दिल्ली की शूटर खुशी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सभी का ध्यान आकर्षित किया। देहरादून की बालिकाओं ने 10 मीटर एयर राइफल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रतियोगिता को और भी रोमांचक बना दिया। चैंपियनशिप युवा निशानेबाजों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा खेल भावना को बढ़ावा देने का एक बेहतरीन मंच प्रदान कर रही है।