-सूरजपुर पुलिस ने 7 चोरों को किया गिरफ्तार
-चोरों के पास से सोने की चेन सहित अन्य सामान बरामद
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: एक पुरानी कहावत है कि डायन भी नौ घर छोड़ती है लेकिन साकीपुर गांव में चोरों ने अपने रिश्तेदार को भी निशाना बना दिया। महिला को बातों में फंसाकर उसकी लगभग दो तोले की सोने की चेन चोरी कर ली। चेन की कीमत लगभग तीन लाख रुपए थी। खास बात है कि एक चोर महिला का रिश्तेदार भी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। शनिवार को सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने सात चोरों को गिरफ्तार किया। चोरों ने साकीपुर में महिला की चेन के साथ ही चोरी की अन्य घटनाओं को भी अंजाम दिया था। चोरों की पहचान उत्तम, दीपेश, गौरव, दीपक भाटी, रोहित भाटी, सूरज व रोहित के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
घरों को बनाते थे निशाना
पुलिस ने बताया कि दीपक, रोहित भाटी उर्फ रैन्चो, सूरज व रोहित आपस में मित्र हैं। जिस कारण चारों ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से साकीपुर में रहने वाली एक महिला को बातो में फंसाकर महिला के पास रखी गले की चैन को चोरी कर लिया था। दीपक व रोहित उर्फ रेन्चो साकीपुर गांव के ही रहने वाले है तथा पीडिता व अभियुक्त दीपक आपस में रिश्तेदार हैं। इस कारण पीडिता इन लोगों की बातो में आ गई थी। पुलिस ने बताया कि इन लोगों का संगठित गिरोह है जिनके द्वारा दिन व रात्रि में नोएडा, ग्रेटर नोएडा व एनसीआर क्षेत्र में घूम-घूमकर बंद पड़े मकानों व निर्माणाधीन मकानों, दुकानों की रैकी कर चोरी की जाती थी। हाल ही में उत्तम, दीपेश व गौरव जैतपुर गांव में एक इलैक्ट्रिक दुकान में रात्रि में बिजली का तार चोरी कर लिया था। जांच में पता चला है कि इन चारों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। चोरों के पास से चोरी किए गए सामान के साथ ही दो चाकू भी बरामद हुई है।
