-भविष्य की सुरक्षा के लिए सोसायटी के लोगों ने सौंपा ज्ञापन
-सोसायटी के मुद्दे पर अधिकारियों के साथ की चर्चा

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में चोरी की घटना का पुलिस ने महज कुछ ही दिन में खुलासा किया। पुलिस ने आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया और चोरी का सामान भी बरामद किया। पुलिस की कार्रवाई से सोसायटी के लोगों में खुशी है। अब सोसाइटी के निवासी भी सुरक्षा व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत कराने के लिए सक्रिय हो गए हैं। सोमवार को पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट कम्युनिटी टीम के प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा के पुलिस उपायुक्त (DCP) शैलेन्द्र सिंह तथा अपर जिलाधिकारी (ADM) मंगलेश दूबे से मुलाकात कर सोसाइटी की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और एक ज्ञापन सौंपा। मुलाकात केवल हालिया घटनाओं पर चर्चा तक सीमित नहीं रही, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने, सुरक्षा तंत्र को आधुनिक बनाने और प्रशासन व पुलिस के साथ समन्वय को और मजबूत करने की दिशा में भी कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल दोषियों को सजा दिलाना नहीं, बल्कि सोसाइटी के प्रत्येक निवासी को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।

सोसायटी निवासियों की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने ADM मंगलेश दूबे से मुलाकात कर सोसाइटी की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद कमियों की जानकारी दी। ज्ञापन में प्रवेश और निकास व्यवस्था, सुरक्षा गार्डों की संख्या, सीसीटीवी निगरानी, रात्रि गश्त और अन्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की मांग की गई। मंगलेश दूबे ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और सोसाइटी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा के पुलिस उपायुक्त (DCP) शैलेन्द्र सिंह से मुलाकात की। बैठक के दौरान पुलिस द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई और भविष्य की सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट कम्युनिटी टीम की ओर से पुलिस विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा मामले को शीघ्रता से आगे बढ़ाने के लिए DCP शैलेन्द्र सिंह एवं पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया गया। शैलेन्द्र सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना। उन्होंने पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई का विस्तृत विवरण साझा किया और भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी सोसाइटी की सुरक्षा को लेकर हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने निवासियों से भी सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने और पुलिस के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल में हालिया घटना से प्रभावित अपर्णा राय, राजश्री बिष्ट, इंदु सोनी, रिटायर्ड कमांडर उदल सिंह, सुन्दर सिंह, प्रमोद अग्रवाल, एडवोकेट गौरव शर्मा, संदीप त्यागी और अशोक चौधरी सहित कई प्रमुख निवासी उपस्थित थे।