-ओमीक्रॉन-3 सेक्‍टर में छह माह से नहीं हुई ग्रीन बेल्‍ट की सफाई
-घायल बच्‍चे का आईसीयू में चल रहा उपचार

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा:ग्रीन बेल्‍ट व पार्कों को व्‍यवस्थित रखने का ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का दावा सेक्‍टर ओमीक्रॉन-3 में हवा हो रहा है। हाल ही में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्री लक्ष्‍मी वीएस ने सेक्‍टर-3 में लापरवाही मिलने पर उद्यान विभाग के कर्मचारियों पर कार्रवाई की थी, लेकिन अधिकारी के द्वारा की गई कार्रवाई का भी असर कर्मचारियों पर दिखाई नहीं दे रहा है। लापरवाही का परिणाम ओमीक्रॉन-3 सेक्‍टर में एक बच्‍चे को भुगतना पड़ा। सेक्‍टर के पार्क व ग्रीन बेल्‍ट की सफाई पिछले लगभग 6 माह से नहीं हुई है। वहां पर जंगली व जहरीले जीव पनप रहे हैं। पार्क में खेलने के दौरान एक सांप ने 10 वर्षीय बच्‍चे को काट लिया। बच्‍चे का उपचार आईसीयू में चल रहा है।

नहीं हो रही सुनवाई
सेक्‍टर के आरडब्‍ल्‍यूए अध्‍यक्ष राजा मावी ने बताया कि सेक्‍टर के मकान नंबर डी-155 में मनोज सिंह रहते हैं। उनका दस वर्षीय बेटा पार्क के पास खेल रहा था। इस दौरान सांप ने उसे काट लिया, परिवार के लोगों ने तत्‍काल बच्‍चे को अस्‍पताल में भर्ती कराया। राजा मावी का कहना है‍ कि सेक्‍टर की ग्रीन बेल्‍ट व पार्क में बड़ी-बड़ी घास उग आई है। सफाई कराने की मांग प्राधिकरण के अधिकारियों से पिछले कई माह से की जा रही है। अधिकारी कहते हैं कि अभी टेंडर नहीं हुआ है। इस कारण पार्क व ग्रीन बेल्‍ट पूरी तरह से बदहाल हो चुकी है। पार्क में जाने से लोग बचते हैं। बच्‍चे को सांप के काटने के बाद सेक्‍टर के लोग डर गए हैं।