-नोएडा में किराए के फ्लैट से चल रहा था धंधा
-विदेशी ब्रांड की शराब की बोतल बरामद

द न्‍यूज गली, नोएडा: नोएडा में अवैध शराब की होम डिलीवरी का बड़ा खेल चल रहा था। धंधा करने वालों के द्वारा शराब की डिलीवरी 24 घंटे की जाती थी। जिसकी एवज में अतिरिक्‍त शुल्‍क वसूला जाता था। सूचना के बाद आबकारी विभाग की टीम सक्रिय हो गई थी। धंधा करने वालों को पकड़ने के लिए आबकारी विभाग ने जाल बिछाया था, विभाग ने शराब की डिलीवरी करने के लिए आए व्‍यक्ति को रंगे हाथ पकड़ लिया। उसकी पहचान हाथरस के रहने वाले अनिल के रूप में हुई है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। आबकारी विभाग ने अनिल की निशानदेही पर विदेशी ब्रांड की 27 बोतल बरामद की है। मुख्‍य संचालक फरार है, उसकी तलाश में टीम दबिश दे रही है।

किराए के फ्लैट में धंधा
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि
शराब की होम डिलीवरी की जानकारी मिलने के बाद आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 व क्षेत्र-4 की संयुक्त टीम ने थाना सेक्टर-113 पुलिस के सहयोग से रासेक्टर-73 सर्फाबाद, नोएडा में फोन पर ऑर्डर लेकर अवैध शराब की होम डिलीवरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। डिलीवरी करते हुए अनिल को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर किराए के फ्लैट से जेम्सन, ब्लैक एंड व्हाइट, एब्सलूट वोडका, बॉम्बे सैफायर, जॉनी वॉकर डबल ब्लैक, रोकू जिन व बेलीज ब्रांड की कुल 27 बोतल इम्पोर्टेड विदेशी मदिरा, स्कूटी व 2 मोबाइल फोन जब्त किए गए। बोतलों पर उत्तर प्रदेश राज्य का क्यूआर कोड नहीं पाया गया। ऐसे में प्रारंभिक जांच में शराब हरियाणा से लाए जाने के संकेत मिले हैं। फरार संचालक की तलाश जारी है।