-करप्‍शन फ्री इंडिया संगठन ने डीएम कार्यालय पर किया प्रदर्शन
-पीडि़त को विशेष सहायता राशि प्रदान करने की मांग

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दनकौर के नवादा गांव निवासी ओमवीर नागर सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। घटना में उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था। परिवार के लोगों ने ओमवीर नागर का उपचार ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ हॉस्पिटल में कराया था। आरोप है कि उपचार के दौरान चिकित्सीय लापरवाही के कारण उनके पैर में गंभीर संक्रमण फैल गया। उपचार पर लगभग 9 लाख रुपए खर्च करने के बावजूद उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई। बाद में अस्पताल में उपचार के दौरान संक्रमण अधिक फैल जाने के कारण उनका पैर काटना पड़ा। पीड़ित को न्याय दिलाने हेतु करप्शन फ्री इंडिया संगठन के जिला अध्यक्ष (युवा प्रकोष्ठ) गौरव भाटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारस्वत को सौंपा।

मुआवजे की मांग
करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय का कहना है कि इस घटना के बाद ओमवीर नागर स्थायी दिव्यांगता का जीवन जीने को मजबूर हैं। उनका रोजगार छिन गया है, परिवार आर्थिक एवं मानसिक संकट से गुजर रहा है तथा बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित हो रही है। उन्‍होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की चिकित्सीय लापरवाही या अन्य अनियमितता सिद्ध होती है, तो संबंधित अस्पताल एवं जिम्मेदार चिकित्सकों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, आर्थिक सहायता, दिव्यांगजन योजनाओं का लाभ तथा आजीविका के लिए विशेष राहत प्रदान की जाए। इस अवसर पर बलराज हूंण, ब्रह्मपाल कपासिया, गौरव भाटी, जितेंद्र कुमार, धर्मेंद्र भाटी, रोहतास नागर, रिंकू बैंसला, दुलीचंद नागर, विजेंद्र नागर, बालेश्वर नागर, सुरेंद्र कुमार सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।