-एस्टर व एमेनिटी स्कूल की टीम ने दर्ज की जीत
-विधायक तेजपाल नागर थे समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सेक्टर इकोटेक-11 स्थित उमा पब्लिक स्कूल में आयोजित सात दिवसीय सीबीएसई फुटबॉल क्लस्टर चैंपियनशिप-2026 का बृहस्पतिवार को भव्य समापन हुआ। फाइनल में कड़े मुकाबले के बाद टीमों ने जीत दर्ज की। प्रतियोगिता की विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक तेजपाल नागर थे। इस अवसर पर भारतीय कुश्ती महासंघ के कोषाध्यक्ष देशपाल, 31 यूपी गर्ल्स बटालियन के कर्नल सुमित बाना, गौतमबुद्ध नगर के खेल अधिकारी नरवेज़ अली, विद्यालय के चेयरमैन विपिन भाटी एवं एमडी सचिन चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित थे। सीबीएसई पर्यवेक्षक भीम त्यागी एवं धीरेन्द्र ने उमा पब्लिक स्कूल में प्रतियोगिता के सुव्यवस्थित संचालन और उत्कृष्ट खेल भावना की सराहना की।

यह टीम बनी विजेता
फाइनल मुकाबलों में अंडर-14 में एमेनिटी पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर विजेता तथा दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-30, नोएडा उपविजेता रहा। अंडर-17 में एस्टर पब्लिक स्कूल, डेल्टा-2 विजेता और एमेनिटी पब्लिक स्कूल उपविजेता रहा। अंडर-19 में एमेनिटी पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर विजेता तथा दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-30, नोएडा उपविजेता रहा। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा, विनोद चौधरी एवं प्रधानाचार्य संजय शर्मा, नरेंद्र सिंह चौहान ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और संघर्ष की सशक्त पाठशाला है। समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को शील्ड, पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन की सफलता में तकनीकी कोच शिवालिक राज, प्रशिक्षक हिमांशु राज, शकित भाटी एवं दीपक भाटी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


