-62 हजार वर्ग मीटर जमीन को कराया अतिक्रमण मुक्त
-बाउंड्री बनाकर अवैध कालोनी बसाने की फिराक में थे कालोनाइजर

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में जमीनों पर कब्‍जा कर अवैध रूप से कॉलोनी काटने का खेल रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ लोगों के द्वारा दनकौर के ननवा का राजपुर व अटाई मुरादपुर में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में चारदीवारी बनाकर अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने अभियान चलाकर निर्माण को ध्‍वस्‍त कर दिया। टीम ने अतिक्रमण पर बुल्डोजर चलाया और लगभग 62,500 मीटर जमीन पर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कालोनाइजर अधिसूचित एरिया में अवैध प्लॉटिंग करने की कोशिश कर रहे थे। जमीन की कीमत लगभग 125 करोड़ रुपये होने का आकलन है।

दो खसरा नंबर पर कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित एरिया में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद से टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि कालोनाइजर ननवा का राजपुर के खसरा संख्या -40 व 41 की 37500 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध निर्माण कर कालोनी बसाने की कोशिश कर रहे थे। परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-8 के वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रबंधक राकेश बाबू और मिथिलेश कुमार सहित प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। इसी तरह अटाई मुरादपुर के खसरा संख्या 626 की 25 हजार वर्ग मीटर जमीन पर अतिक्रमण किया जा रहा था। इसी टीम ने यहां भी बुल्डोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया। टीम ने दोनों जगह मिलाकर लगभग 62,500 वर्ग मीटर जमीन कब्जे से मुक्त करा लिया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 125 करोड़ रुपये है।