-यातायात निमयों का कड़ाई से पालन कराने की कही बात
-अपर जिलाधिकारी प्रशासन की अध्यक्षता में हुई बैठक
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा:अपर जिलाधिकारी प्रशासन गौतमबुद्धनगर संजय कुमार पांडेय की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई।
बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के प्रयासों को ओर प्रभावी बनाया जा सकता है। दुर्घटना संभावित स्थलों पर किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क संकेतक, रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टर, डिवाइडर एवं गति नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने बताया कि स्पष्ट सड़क संकेतक एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था वाहन चालकों को समय रहते आवश्यक जानकारी देने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने में सहायक हैं।

बंद हो अवैध पार्किंग
एडीएम ने कहा कि अवैध पार्किंग की रोकथाम तथा वाहनों की फिटनेस और यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पांडेय ने शासन द्वारा संचालित पीएम राहत योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने अस्पतालों में उपचार संबंधी विवरण दर्ज करने, ई-डीएआर पोर्टल पर प्रकरण भेजने तथा पुलिस सत्यापन सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं से संबंधित जानकारी साझा की। योजना के क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने तथा विभागों एवं अस्पतालों के बीच समन्वय बनाए रखने पर चर्चा की गई, ताकि दुर्घटना पीड़ितों को समय से चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सके। बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पांडेय सहित पुलिस, यातायात पुलिस, स्वास्थ्य, आबकारी, लोक निर्माण विभाग, संबंधित विकास प्राधिकरणों, सड़क निर्माण एजेंसियों एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
