द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : इलाज में लापरवाही और मेडिकल रिपोर्ट में कथित गड़बड़ी के आरोप में सूरजपुर कोतवाली में ग्रीनसिटी अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने अधिवक्ता सचिन बिधूड़ी की शिकायत पर अस्पताल के प्रबंध निदेशक और एक अन्य जिम्मेदार पदाधिकारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। कोर्ट के आदेश पर यह मुकदमा दर्ज हुआ है।

एफआईआर के मुताबिक मामला 20 सितंबर 2025 का है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में बच्चे के इलाज के दौरान मेडिकल जांच और रिपोर्ट से संबंधित अनियमितताएं की गईं। शिकायत में इलाज की प्रक्रिया और मेडिकल रिपोर्ट को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।पुलिस ने अब मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 125 लगाई गई हैं। मामले की जांच उपनिरीक्षक पंकज कुमार को सौंपी गई है।पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोपों और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की जाएगी।

टाइफाइड को बता दिया किडनी वाश की समस्या
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि अधिवक्ता सचिन के बेटे को तेज बुखार हुआ। ग्रीन सिटी अस्पताल में भर्ती करने पर उसकी मेडिकल जांच की गई और बता दिया गया कि उसको किडनी संबंधित समस्या है डायलिसिस करना पड़ेगा मोटी रकम की मांग की गई। परेशान होकर जब अधिवक्ता बच्चे को लेकर कैलाश अस्पताल पहुंचे तब पता चला कि उसको टाइफाइड है किडनी संबंधित कोई समस्या नहीं है।