द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : फेस-2 कोतवाली क्षेत्र के याकूबपुर गांव में महिला मनीषा की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को आरोपी शीला कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने पति के मनीषा से प्रेम संबंध होने और ईर्ष्या के चलते उसकी गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी को सेक्टर-88 स्थित बीपीएल कट से गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक, पांच अक्टूबर को पीआरवी कंट्रोल रूम के माध्यम से याकूबपुर गांव में महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव की पहचान कासगंज निवासी मनीषा के रूप में की। मकान के केयरटेकर की शिकायत पर फेस-2 कोतवाली में शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बाद में इसे हत्या की धारा 103(1) में बदल दिया गया।

पति के कहने पर एक कमरे में रहने लगी थी मनीषा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शीला ने बताया कि उसकी शादी 20 अप्रैल 2025 को नितिन से हुई थी। उसके पति के मनीषा से प्रेम संबंध थे। पति के कहने पर वह मनीषा के साथ एक ही कमरे में रहने लगी थी। इस दौरान उसे मनीषा से ईर्ष्या होने लगी।पुलिस के मुताबिक, चार अक्टूबर को उसका पति कार लेकर कासगंज स्थित आरटीओ कार्यालय गया था। इसी दौरान शीला ने मनीषा की हत्या करने का विचार बनाया। आरोप है कि पांच अक्टूबर को उसने मनीषा का गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गई।पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।