-सूत्रों का दावा कुछ कर्मचारी बिना सैलरी कर रहे काम
-वरिष्‍ठ अधिकारियों ने लिया है मामले का संज्ञान

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यह मामला विभिन्‍न विभागों में तैनात 8 कर्मचारियों व अधिकारियों का है। आप को जानकर आश्‍चर्य होगा कि जिन कर्मचारियों की सेवा का कार्यकाल समाप्‍त हो चुका है बावजूद वह पूरी लगन के साथ काम कर रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि इसमें से कुछ कर्मचारी तो बिना सैलरी लिए ही काम कर रहे हैं। ऐसे में बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है कि इन कर्मचारियों के द्वारा प्राधिकरण में अपनी लगन का भाव दिखाया जा रहा है या इसके पीछे का मकसद कुछ और है। मामला प्रकाश में आने के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि प्राधिकरण के वरिष्‍ठ अधिकारियों ने पूरे मामले का संज्ञान ले लिया है।

यह हैं कर्मचारी
इन कर्मचारियों की सेवा प्राधिकरण में कई माह पूर्व समाप्‍त हो गई थी। बाद में इन्‍हें संविदा पर रख लिया गया था। अब संविदा की समय सीमा भी समाप्‍त हो चुकी है। नियमों को ताक पर रखकर ऐसे अधिकारी और कर्मचारी दफ्तर में बैठकर काम कर रहे हैं। इसमें एक महाप्रबंधक, एक सहायक महाप्रबंधक सहित 6 सहायक प्रबंधक और कनिष्ठ सहायक शामिल हैं। वायरल सूची के मुताबिक 7 अक्तूबर को महाप्रबंधक (प्रशासन/सामान्य) विमल किशोर गुप्ता ( वीके गुप्ता) और सहायक प्रबंधक (सिविल) रियाजुद्दीन का कार्यकाल पूरा हो गया। 9 अक्तूबर को सहायक प्रबंधक (प्र./सा.) आशीष कुमार सिंह, सहायक प्रबंधक (सिविल) अजय कुमार वर्मा और कनिष्ठ सहायक राम प्रसाद शर्मा का कार्यकाल पूरा हो गया। 12 अक्तूबर को सहायक महाप्रबंधक (प्र./सा.) पुरुषोत्तम दास गुप्ता (पीडी गुप्ता) का कार्यकाल पूरा हो गया है। सहायक प्रबंधक राजा राम मौर्य का कार्यकाल 9 अक्‍टूबर को समाप्‍त हो चुका है। कार्यकाल पूरा होने के बाद भी इन लोगों के द्वारा काम किया जा रहा है।