द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव में शनिवार सुबह एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से हड़कंप मच गया। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने रात में नूडल्स खाए थे। इसके बाद उनकी मौत होने की सूचना मिली। पुलिस को आशंका है कि मामला फूड पॉइजनिंग का हो सकता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है।मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11), बेटी मिष्टी (सात) और तीन वर्षीय बेटे साक्षात के रूप में हुई है। सभी नगला श्री पदम गांव के निवासी थे।
मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी, एंबुलेंस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।पुलिस के अनुसार, आसपास के लोगों और महेश की मां से मिली जानकारी में सामने आया है कि परिवार ने रात में नूडल्स खाए थे। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
