द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही और कब्जे से चोरी की 12 मोटरसाइकिल, चार फर्जी नंबर प्लेट, पेचकस से बनी मास्टर चाबी और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित दिल्ली-एनसीआर, गाजियाबाद और हरियाणा समेत विभिन्न क्षेत्रों में रेकी करने के बाद मोटरसाइकिल चोरी करते थे।पुलिस ने 16 अक्टूबर को दोनों आरोपितों को सेक्टर गामा-1 स्थित ग्रीन बेल्ट की झाड़ियों के पास से गिरफ्तार किया। उनकी पहचान फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र के भरतपुरा निवासी प्रबल यादव उर्फ प्रदीप (वर्तमान पता बिसरख जलालपुर, ग्रेटर नोएडा) और राजस्थान के डीग जिले के खोह थाना क्षेत्र के कावंगावास निवासी सोहिल के रूप में हुई है।
चेसिस नंबर मिटाकर लगाते थे फर्जी नंबर प्लेट
पुलिस के मुताबिक, आरोपित मोटरसाइकिल चोरी करने के लिए मास्टर चाबी का इस्तेमाल करते थे। चोरी के बाद वाहनों के चेसिस नंबर घिसकर मिटा देते थे और उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगा देते थे, ताकि उनकी पहचान छिपाई जा सके। बरामद वाहनों में 11 हीरो स्प्लेंडर और एक बजाज पल्सर एनएस-125 शामिल है।जांच में सामने आया कि बरामद मोटरसाइकिलों में से एक के चोरी होने का मामला बीटा-2 कोतवाली और दूसरी मोटरसाइकिल का मामला संभल जिले के गुन्नौर थाने में दर्ज है। एक अन्य मोटरसाइकिल चोरी का मामला हरियाणा के फरीदाबाद जिले के मुजेसर थाने में दर्ज मिला है। बाकी मोटरसाइकिलें नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली से चोरी करने की बात आरोपितों ने बताई है।
प्रबल पर कई मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, प्रबल यादव के खिलाफ गौतमबुद्धनगर, फिरोजाबाद, आगरा और फरीदाबाद में चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, सोहिल के खिलाफ भी बीटा-2, गुन्नौर और फरीदाबाद में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ बीटा-2 कोतवाली में चोरी और बरामदगी से संबंधित धाराओं तथा आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
