द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : कासना कोतवाली क्षेत्र से छह साल के बच्चे का अपहरण कर उसे दो लाख रुपये में बेचने का मामला सामने आया है। कासना पुलिस ने मामले में पांच आरोपितों और दो महिलाओं समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपितों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपितों के कब्जे से 2.22 लाख रुपये से अधिक नकदी, घटना में इस्तेमाल कार और मोटरसाइकिल के अलावा तीन अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को छह वर्षीय बच्चा घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। परिजनों ने 14 अक्टूबर को कासना कोतवाली में शिकायत दी, जिसके आधार पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस को 17 अक्टूबर को सूचना मिली कि कुछ लोग डाढ़ा गांव के पास बच्चा चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में तीन घायल
सूचना के आधार पर पुलिस टीम डाढ़ा गोलचक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो कार पेड़ से टकराकर रुक गई। इसके बाद कार सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपित गुरमीत सिंह, सुमित कुमार और अंकित कुमार पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मौके से तीन तमंचे, तीन खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, नकदी और घटना में इस्तेमाल औरा कार बरामद हुई।
महिला के कहने पर बच्चे को बेचने की बनाई योजना
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपित अंकित और नकुल ने 13 अक्टूबर की शाम काशीराम अस्पताल के सामने से मोटरसाइकिल पर बच्चे का अपहरण किया था। इसके बाद गुरमीत, सुमित और विकास की मदद से बच्चे को कार से गाजियाबाद ले जाया गया। आरोपितों ने बच्चे को बेचने के बदले दो लाख रुपये मिलने की बात स्वीकार की। उन्हें बाद में ढाई लाख रुपये और मिलने थे।पुलिस के अनुसार, सुमित ने पूछताछ में बताया कि उसकी मामी पुष्पा ने उसे दिल्ली निवासी कमलेश के बारे में जानकारी दी थी। कमलेश नाबालिग बच्चा खरीदने के बदले रुपये देने को तैयार थी। इसके बाद बच्चे के अपहरण और उसे बेचने की योजना बनाई गई। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर पुष्पा और कमलेश को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बच्चे को बरामद कर लिया।
कार, मोटरसाइकिल और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपित गुरमीत, अंकित और सुमित के हिस्से की बताई गई 1.50 लाख रुपये की नकदी, विकास और नकुल से 20-20 हजार रुपये तथा पुष्पा से 32,800 रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल औरा कार और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।पुलिस के अनुसार, मामले में कासना कोतवाली में अपहरण और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। वहीं, सिकंदराबाद थाने में भी तीन आरोपितों के खिलाफ पुलिस मुठभेड़ और शस्त्र अधिनियम से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
