-विद्यार्थियों को आत्मरक्षा एवं अधिकारों के प्रति किया जागरूक
-आवश्यकता पड़ने पर पुलिस सहायता प्राप्त करने की दी जानकारी
द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा: मिशन शक्ति विशेष अभियान के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय झट्टा कि बालिकाओं को प्रशासनिक व्यवस्था, महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से एक सार्थक पहल की गई। अभियान के अंतर्गत विद्यालय की बालिकाओं को सदर तहसील एवं एनपीएक्स पुलिस चौकी का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था की कार्यप्रणाली से परिचित कराते हुए सुरक्षा, स्वावलंबन, आत्मसम्मान और आत्मविश्वास का संदेश दिया गया। सदर तहसील में तहसीलदार पूजा चौधरी ने बालिकाओं को तहसील से संबंधित विभिन्न प्रशासनिक कार्यों, राजस्व व्यवस्था तथा जनसामान्य को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के विषय में जानकारी दी। पूजा यादव ने बालिकाओं को अभियान के उद्देश्यों, महिला सुरक्षा, अधिकारों, जागरूकता एवं आत्मनिर्भरता के महत्व से अवगत कराया। नाजिर मनोज कुमार ने बालिकाओं को जागरूक, आत्मविश्वासी तथा अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्पित रहने की प्रेरणा दी। इस भ्रमण से बालिकाओं को प्रशासनिक व्यवस्था को निकट से समझने तथा नागरिक अधिकारों एवं सरकारी सेवाओं के प्रति अपनी जानकारी बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।

पुलिस चौकी पहुंची छात्राएं
महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बालिकाओं को एनपीएक्स पुलिस चौकी का भ्रमण भी कराया गया। पुलिस चौकी प्रभारी विकास सिंह ने पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की सहायता प्राप्त करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं। बालिकाओं को समझाया गया कि वह अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें, किसी भी असुरक्षित परिस्थिति में चुप न रहें तथा आवश्यकता पड़ने पर अभिभावकों, शिक्षकों एवं संबंधित सुरक्षा तंत्र से सहायता लेने में संकोच न करें। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में निर्भीकता, सजगता और अपने संरक्षण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार विकसित करना था। अभियान की व्यापक गतिविधियों के अंतर्गत बालिकाओं को वित्तीय साक्षरता, स्वास्थ्य जागरूकता, डिजिटल सुरक्षा एवं साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाने पर भी बल दिया गया। जिससे वह जीवन की विभिन्न परिस्थितियों में जागरूकता एवं आत्मविश्वास के साथ उचित निर्णय ले सकें।



