द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : रबूपुरा क्षेत्र के नगला पदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक महेश की बड़ी बहन, बहनोई और छोटी बहन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महेश के मोबाइल फोन में मिली ऑडियो रिकॉर्डिंग में उसने अपनी बड़ी बहन सुनीता, बहनोई शेखर और छोटी बहन सपना को घटना के लिए जिम्मेदार बताया है। मामले में तीनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि, पांचों की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद सभी के विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।
एक ही परिवार के पांच लोगों की गई थी जान
पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर की सुबह नगला पदम गांव में महेश (37), उसकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू उर्फ साक्षात (11), बेटी मिस्टी (7) और तीन वर्षीय बेटे रियांश के मृत मिलने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य 16 अक्टूबर की रात बाहर से घर लौटे थे। खाना खाने के बाद सो गए थे। अगले दिन सुबह पांचों मृत मिले।
मकान को लेकर विवाद की बात आई सामने
पुलिस की जांच में आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ के दौरान मकान को लेकर विवाद की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, महेश अपनी मां चंद्रवती के साथ जिस मकान में रहता था, उसे उसकी बड़ी बहन सुनीता ने कथित रूप से मां को प्रभावित कर अपने नाम करा लिया था। इसकी जानकारी होने के बाद से महेश परेशान रहने लगा था।
मोबाइल में मिली ऑडियो रिकॉर्डिंग
पुलिस ने महेश के मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली। इसमें महेश ने अपनी बड़ी बहन सुनीता, बहनोई शेखर और छोटी बहन सपना को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। जांच में घर के भीतर किसी बाहरी व्यक्ति के आने की बात सामने नहीं आई। मौत के कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस ने एफएसएल और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम से भी जांच कराई। पांचों शवों का चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया
पुलिस के अनुसार, मृतका ललिता के भाई की लिखित शिकायत पर थाना रबूपुरा में मुकदमा बीएनएस की धारा 108 में मुकदमा दर्ज किया गया। रविवार, 18 अक्टूबर को नामजद आरोपियों शेखर उर्फ चंद्रशेखर (50), उसकी पत्नी सुनीता (45) और सपना (32) को गिरफ्तार कर लिया गया। शेखर और सुनीता दिल्ली के शालीमार गांव के निवासी हैं, जबकि सपना दिल्ली के खेड़ा कलां की रहने वाली है।
पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पोस्टमार्टम के दौरान सुरक्षित किए गए विसरा की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पांचों की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
