द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : नॉलेज पार्क थाना पुलिस और एएनटीएफ आगरा जोन की संयुक्त टीम ने सोमवार को मेट्रो स्टेशन नॉलेज पार्क-2 के पास से दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 920 ग्राम एमडीएमए (मेथिलीनडाइऑक्सी मेथामफेटामाइन) बरामद की है। इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल स्कूटी भी जब्त की गई है।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घाना निवासी उसुलोर और उज्बेकिस्तान निवासी लायलो शरजाय के रूप में हुई है। दोनों दिल्ली-एनसीआर में एमडीएमए की सप्लाई कराते थे। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया।
कलिस्टो तैयार करता था एमडीएमए
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि कलिस्टो नाम का व्यक्ति एमडीएमए पाउडर तैयार करता है। इसके बाद उसुलोर और लायलो शरजाय के माध्यम से दिल्ली-एनसीआर में इसकी बिक्री कराई जाती थी। पुलिस अब कलिस्टो की तलाश में जुटी है। उसकी गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 920 ग्राम एमडीएमए और दिल्ली नंबर की स्कूटी बरामद की है। पुलिस मामले में आगे की कड़ी जोड़ने का प्रयास कर रही है।
