द न्यूज गली, नोएडा : नवरात्र के अवसर पर नोएडा पुलिस ने 108 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन लौटाकर खुशियों का तोहफा दिया। मिशन शक्ति अभियान 6.0 और मिशन सहयोग के तहत सर्विलांस सेल और सेक्टर-58 थाना पुलिस की टीम ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से विभिन्न कंपनियों के 108 स्मार्टफोन बरामद किए। इन मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंप दिए।
पुलिस के मुताबिक, भीड़भाड़ वाले बाजारों, ऑटो, कैब, बस और मेट्रो में सफर के दौरान लोगों के मोबाइल फोन खो गए थे। कई लोगों ने फोन मिलने की उम्मीद भी छोड़ दी थी। सर्विलांस सेल की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सीईआईआर पोर्टल की मदद से इन मोबाइल फोन को ट्रेस किया। इसके बाद सेक्टर-58 थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर उन्हें बरामद किया गया।
फोन पाकर खिले लोगों के चेहरे
खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। शालिनी माथुर ने पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि वह दिल से पूरी टीम को धन्यवाद देती हैं। सतीश कुमार ने बताया कि उनके पहले पांच मोबाइल फोन खो चुके थे, जबकि छठा फोन पुलिस की मदद से वापस मिल गया। नेहा ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने फोन मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी।
महिला पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देशन में सीईआईआर टीम और सेक्टर-58 थाना पुलिस ने 108 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में महिला आरक्षियों और टीम के अन्य सदस्यों ने मेहनत की। उन्होंने बताया कि बरामद मोबाइल में अधिकांश फोन महिलाओं के थे। नवरात्र के अवसर पर इन्हें मातृशक्ति को सौंपा गया। पुलिस की इस पहल से लोगों को राहत मिली और त्योहार से पहले उनके चेहरों पर मुस्कान लौट आई।
