-लोक संगीत और आधुनिक संगीत का दिखा संगम
-पारंपरिक परिधानों में शामिल हुए विद्यार्थी

द न्‍यूज गली,ग्रेटर नोएडा: एक्यूरेट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में भव्य गरबा एवं डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध डांडिया गायिका एकता सिंह और डीजे धीर की संगीतमय प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहीं। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों पर संस्थान के हजारों छात्र-छात्राओं ने गरबा और डांडिया नृत्य कर उत्सव में भाग लिया। पारंपरिक भारतीय संस्कृति, लोक संगीत और आधुनिक संगीत के संगम से पूरा परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। विद्यार्थियों ने पारंपरिक परिधानों में शामिल होकर भारतीय संस्कृति के प्रति अपनी आस्था और उत्साह का परिचय दिया। रंग-बिरंगे परिधानों, डांडिया की खनक और संगीत की मधुर धुनों ने आयोजन को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया। छात्र-छात्राओं ने समूहों में गरबा एवं डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

एकता का दिया संदेश
आयोजन का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ संस्थान में सांस्कृतिक सहभागिता एवं आपसी समन्वय को बढ़ावा देना रहा। विभिन्न क्षेत्रों और सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों से आने वाले विद्यार्थियों ने एक मंच पर एकत्र होकर उत्सव में भाग लिया। इससे ‘विविधता में एकता’ ( Unity in Diversity ) का संदेश प्रभावी रूप से सामने आया। कार्यक्रम ने यह भी रेखांकित किया कि शैक्षणिक संस्थान केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं होते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, सांस्कृतिक जागरूकता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गरबा नाइट के दौरान विद्यार्थियों ने पारंपरिक नृत्य के साथ-साथ आधुनिक संगीत का भी आनंद लिया। आयोजन में युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने परिसर के वातावरण को जीवंत बना दिया।