-8 कर्मचारियों में गुप्ता बंधू की चर्चा
-सेवा समाप्ति के बाद किसके आशीर्वाद से कर रहे काम
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कुछ दिनों से चर्चा में आ गया है। चर्चा का प्रमुख कारण है सेवा समाप्ति के बाद भी शासन की स्वीकृति के बिना 8 कर्मचारियों के द्वारा निरंतर दी जा रही सेवा। पूर्व में इन कर्मचारियों की सेवाएं 6-6 माह के लिए कई बार बढ़ाई जा चुकी हैं, लेकिन दोबारा सेवा बढ़ाने की स्वीकृति अभी तक शासन से नहीं मिली है। इसमें से दो कर्मचारी तो भूलेख जैसे महत्वपूर्ण विभाग में तैनात हैं। शासन की बिना स्वीकृति के ही इन कर्मचारियों के द्वारा किए जा रहे काम से विभाग के दूसरे कर्मचारियों में अंदरखाने नाराजगी है। चर्चाएं हो रही हैं कि आखिर इन कर्मचारियों को किसका आशीर्वाद मिल रहा है। एक चर्चा यह यह भी है कि अंदरखाने कुछ गोलमाल की खिचड़ी पक रही है। सेवानिवृत्त हो चुके 8 कर्मचारियों का कार्यकाल दोबारा बढ़ा है या नहीं प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी इस संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं कर रहे हैं।

एक-दो दिन बदला स्थान
सेवा समाप्ति के बाद भी जो 8 कर्मचारी निरंतर सेवा दे रहे हैं मीडिया में खबरें आने के बाद एक-दो दिन तक उन्होंने अपने काम के स्थान को बदल दिया। टॉवर एक की जिस मंजिल पर वह बैठते थे वहां पर नहीं बैठे। बताया जा रहा है अब दोबारा से उन्होंने वहीं पर बैठना शुरू कर दिया है। नियमों को ताक पर रखकर ऐसे अधिकारी और कर्मचारी प्राधिकरण में निरंतर काम कर रहे हैं। इसमें एक महाप्रबंधक, एक सहायक महाप्रबंधक सहित 6 सहायक प्रबंधक और कनिष्ठ सहायक शामिल हैं। वायरल सूची के मुताबिक 7 अक्तूबर को महाप्रबंधक (प्रशासन/सामान्य) विमल किशोर गुप्ता ( वीके गुप्ता) और सहायक प्रबंधक (सिविल) रियाजुद्दीन का कार्यकाल पूरा हो गया। 9 अक्तूबर को सहायक प्रबंधक (प्र./सा.) आशीष कुमार सिंह, सहायक प्रबंधक (सिविल) अजय कुमार वर्मा और कनिष्ठ सहायक राम प्रसाद शर्मा का कार्यकाल पूरा हो गया। 12 अक्तूबर को सहायक महाप्रबंधक (प्र./सा.) पुरुषोत्तम दास गुप्ता (पीडी गुप्ता) का कार्यकाल पूरा हो गया है। सहायक प्रबंधक राजा राम मौर्य का कार्यकाल 9 अक्टूबर को समाप्त हो चुका है। कार्यकाल पूरा होने के बाद भी इन लोगों के द्वारा काम किया जा रहा है।
