द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा:भारत विकास परिषद की विवेकानन्द शाखा ने ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल, सिग्मा 1, ग्रेटर नोएडा के सभागार में “गुरु वंदन – छात्र अभिनन्दन-2026” का वार्षिक सम्मान समारोह आयोजित किया। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में वेदपाल आर्य, सह प्रांत संपर्क प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कवित बंसल, प्रांत अध्यक्ष, भारत विकास परिषद्, मुक्ता अग्रवाल, प्रांत महासचिव, भारत विकास परिषद्, सतीश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी, डॉ विजय कुमार, शारदा हॉस्पिटल, डॉ अजय शर्मा, ग्लोबल सर्विस डिलीवरी लीडर, IBM उपस्थित रहे । कार्यक्रम के प्रारम्भ में ग्रेड्स इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने राष्ट्र गीत वन्दे मातरम का पूर्ण गायन किया। ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल के छात्र छात्राओं तथा स्वप्निल एकडेमी के बच्चों ने नवनीता महेश के संयोजन में स्वागत गीत तथा नृत्य प्रस्तुत किया । कार्यक्रम में मंजू कौल रैना, प्रधानाचार्या, ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के 4 प्रधानाचार्यों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए विशिष्ट शिक्षा सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया। प्रान्त महासचिव मुक्ता अग्रवाल ने गुरु वंदन छात्र अभिनन्दन कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी दी एवं प्रान्त अध्यक्ष कवित बंसल ने भारत विकास परिषद् की गतिविधिओं के बारे में बताया | जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने नशा मुक्त भारत के संकल्प के लिए सभी को शपथ दिलाई ।

जीवन का लक्ष्य करें निर्धारित
वेदपाल आर्य ने स्वामी विवेकानंद के जीवन प्रसंग के द्वारा छात्र छात्राओं को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि किस तरह मैकाले ने भारतीय शिक्षा व्यवस्था और संस्कृति को नष्ट कर अंग्रेजी को थोप दिया | राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य योग्य बनना, समझदार बनना तथा अच्छे और राष्ट्र भक्त नागरिक बनना होना चाहिए। जो भी कार्य करें उसे उत्कृष्ट स्तर पर लेकर जाएँ ।अतुल भारद्वाज ने AI का सही उपयोग करने तथा विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। मंजू कौल ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने जीवन का लक्ष्य तय करके पूरी मेहनत से उसे पूरा करने का प्रयास करना चाहिए। बीस विद्यालयों के पच्चीस शिक्षक/शिक्षिकाओं को सर्वश्रेष्ट शिक्षण कार्य के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। तथा बीस विद्यालयों के कक्षा 6 से 12 तक के 126 प्रतिभावान विद्यार्थियों को विभिन्न कक्षाओं में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। भारत विकास परिषद, विवेकानंद शाखा के पदाधिकारी राजेश बिहारी, राजेंद्र सोनी, राकेश रिखी, पदमा वर्मा, नीरज कौशिक, राजीव जैन, माया, निर्मल, प्रेरणा , राज जैन, सहित समाज के अनेक विद्वत जनों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। प्रोफेसर विवेक कुमार ने कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी दी तथा मंच संचालन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू कौल तथा विवेकानंद शाखा के अध्यक्ष विवेक अरोरा ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।



