द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: कंपोजिट विद्यालय, गांव लुहारली की शिक्षिका प्रिया भाटी ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों की कड़ी में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ते हुए प्रतिष्ठित ‘टीचर्स ऑफ द ईयर 2026’ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रतियोगिता का आयोजन स्टडी हॉल एजुकेशनल फाउंडेशन के डिजिटल स्टडी हॉल (DSH) द्वारा किया गया। राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शिक्षिका ने उपलब्धि हासिल की। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से शिक्षकों ने भाग लिया था। इसमें शिक्षण की प्रभावशीलता, शैक्षणिक नवाचार, रचनात्मक गतिविधियों तथा विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने के प्रयासों को प्रमुखता दी गई। देशभर के प्रतिभागियों के बीच प्रथम स्थान प्राप्त करना उनकी शिक्षण क्षमता और नवाचारपूर्ण दृष्टिकोण की महत्वपूर्ण पहचान है। इस उपलब्धि के लिए प्रिया भाटी को सम्मान स्वरूप प्रमाण-पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। साथ ही उन्हें 15,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि से भी सम्मानित किया गया। प्रिया भाटी शिक्षण में नवीन प्रयोगों और तकनीक के माध्यम से कक्षा शिक्षण को अधिक रुचिकर एवं प्रभावी बनाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।