द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित देवला गांव में युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा ली। प्रेम प्रसंग में बाधक बन रहे पति की उसकी पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर दुपट्टे (चुन्नी) से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, बुलंदशहर निवासी विजय का शव 23 फरवरी को देवला गांव में संदिग्ध हालात में मिला था। प्रारंभिक सूचना में इसे प्राकृतिक मौत बताने की कोशिश की गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी राखी का गुरदीप नामक युवक से पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था। विजय इस रिश्ते का विरोध करता था, जिस कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। वारदात की रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसके बाद राखी ने अपने प्रेमी गुरदीप को घर बुलाया और दोनों ने मिलकर सो रहे विजय का चुन्नी से गला घोंट दिया।

सूरजपुर थाना पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और सर्विलांस की मदद से मंगलवार को मोजर बीयर गोलचक्कर के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद कर लिया गया है।

शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।