द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना जारचा क्षेत्र के नरौली गांव में बरात चढ़त के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशी का माहौल मातम में बदल दिया। फायरिंग की एक गोली 16 वर्षीय छात्र को जा लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस ने मामले में कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बारातियों की फायरिंग से मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, नरौली गांव निवासी अजीत नागर के घर शादी समारोह चल रहा था। लोनी के मेवला भट्टी गांव से बरात पहुंची थी और चढ़त की तैयारियां जोरों पर थीं। इसी दौरान कुछ बराती जश्न में फायरिंग करने लगे। हर्ष फायरिंग में चली एक गोली सीधे तनिष (16) को जा लगी, जो कक्षा 10 का छात्र बताया जा रहा है। गोली लगते ही वह वहीं गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में भर्ती, स्थिति गंभीर
परिजनों ने घायल किशोर को तुरंत ग्रेटर नोएडा स्थित कैलाश अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है।
सूचना छिपी रही, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किया खुलासा
घटना के बाद न तो दूल्हा पक्ष और न ही लड़की पक्ष ने पुलिस को सूचना दी थी। स्थानीय लोगों की ओर से खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चढ़त के दौरान हर्ष फायरिंग की पुष्टि की।
पुलिस ने बरात में शामिल करीब दर्जन भर लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, मौके पर बनाए गए वीडियो और फोटो के आधार पर फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस ने सख्ती के संकेत दिए
थाना जारचा पुलिस का कहना है कि शादी समारोह में फायरिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी है।
