-परिवार के साथ ही सोसायटी के लोगों ने दर्ज कराया कड़ा विरोध
-सोसायटी की मेंटेनेंस व्यवस्था पर लोगों ने खड़ा किया सवाल
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसायटी की लिफ्ट में लगभग 9 साल का एक बच्चा आधे घंटे तक फंसा रहा। मौके पर पहुंचकर परिवार के लोगों ने किसी प्रकार उसे बाहर निकाला। लिफ्ट में पंखा न चलने के कारण बच्चे की सांस फूल गई। घटना के बाद परिवार के साथ ही सोसायटी के लोगों ने भी कड़ा विरोध दर्ज कराया। लोगों का कहना है कि ऐसे में कोई अप्रिय घटना हो सकती है। लोगों ने सोसायटी की मेंटेनेंस व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा किया।
टावर एल 9 की घटना
सोसायटी के टावर एल 9 में रहने वाला एक बच्चा लिफ्ट से जा रहा था। इस दौरान लिफ्ट बीच में ही बंद हो गई। लिफ्ट में पंखा नहीं चल रहा था इस कारण बच्चे की सांस फूल गई। बच्चे ने लिफ्ट में लगा अलार्म भी बजाया लेकिन मदद के लिए कोई नहीं पहुंचा। काफी देर तक बच्चे के न आने पर परिवार के लोग जब लिफ्ट के पास पहुंचे तो उन्हें लिफ्ट से बच्चे की आवाज सुनाई दी। परिवार के लोगों का कहना है कि वहां पर कोई लिफ्ट आपरेटर नहीं था। शिकायत करने पर गार्ड ने कहा कि इससे उसका कोई मतलब नहीं है। परिवार के लोगों का कहना है कि मेंटेनेंस प्रबंधन ने कुछ दिन पहले ही लिफ्ट की सर्विस कराने की बात कही थी, ऐसे में सर्विस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
