द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : दादरी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत वर्ष 2022 में लोहे की चद्दर से भरे ट्रक लूट की घटना को अंजाम देने वाले 50000 के इनामी बदमाश से बुधवार शाम पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस मुठभेड़ में इनामी बदमाश के पैर में गोली लगी है। उसकी पहचान सोनू उर्फ निजाम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बागपत के खेकड़ा का रहने वाला है।  इसके अलावा उसका दिल्ली में भी ठिकाना था। बदमाश के कब्जे से तमंचा, कारतूस व चोरी की बाइक बरामद की गई है।

लूट करने में है एक्सपर्ट
दादरी कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि वर्ष 2022 में सोनू ने अपने साथियों के साथ मिलकर लोहे की चद्दर से भरे ट्रक लूट की घटना को अंजाम दिया था। घटना में शामिल अन्य बदमाशों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। सोनू पिछले 3 साल से लगातार फरार चल रहा था। अब मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस मुठभेड़ के दौरान उसकी गिरफ्तारी हुई है। वह लूट की घटना को अंजाम देने में एक्सपर्ट है।

बुलंदशहर में छिपने की फिराक में था
पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ बसंतपुर बांगर की तरफ जाने वाली सड़क पर हुई। जांच के दौरान पता चला है कि बदमाश बाइक पर सवार होकर बुलंदशहर की तरफ जा रहा था। वह फरारी काटने के दौरान बुलंदशहर में छुपने की फिराक में था। इसी दौरान मुठभेड़ में वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।