-विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
-पुलिस ने दोनों पक्ष के 10 लोगों के खिलाफ की कार्रवाई

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट की श्री राधा स्‍काई गार्डेन सोसायटी में होली के दिन जमकर हंगामा हुआ। किसी बात को लेकर सोसायटी के गेट पर तैनात गार्डों व निवासियों के बीच विवाद हो गया। गाली-गलौच के बाद मारपीट शुरू हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में दिख रहा है कि गार्ड सोसायटी के निवासी को डंडे से पीट रहा है। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। बिसरख कोतवाली पुलिस ने मामले में दोनों पक्ष के 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।

यह था मामला
श्री राधा स्‍काई गार्डेन सोसायटी में लोग होली का जश्‍न मना रहे थे। सुरक्षा के लिहाज से गेट पर बैरीकेटिंग लगाई गई थी। सोसायटी में कुछ लोग होली खेलने के लिए आए थे। उन लोगों ने शराब भी पी थी। गेट पर लगी बैरीकेटिंग हटाने को लेकर उन लोगों का सोसायटी के गार्डों से विवाद हो गया। विवाद के बाद दोनों पक्ष आपस में भिड गए और मारपीट शुरू हो गई। वहां पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। मामले में पुलिस ने दोनों पक्ष के 10 लोगों आनंद, गुड्डू, प्रकाश, किशन, दीपक, शिव कुमार, छविनाथ, मदनलाल, राकेश व अनुराग कुमार के खिलाफ कार्रवाई की है।