द न्यूज गली, नोएडा: इंश्योरेंस पॉलिसी मैच्योर कराने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से दो मोबाइल फोनए एक लैपटॉप 10 हजार रुपये नकद और तीन बैंक खातों के स्टेटमेंट बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन कुमार निवासी फिरोजाबाद के रूप में हुई है। एडीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि 23 फरवरी को एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की जांच के दौरान कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबर सामने आए थे। तकनीकी सर्विलांस और लोकल इंटेलीजेंस की मदद से पुलिस ने आरोपी को नोएडा से दबोच लिया। जांच में खुलासा हुआ कि अमन कुमार लोगों को फोन कर उनकी इंश्योरेंस पॉलिसी मैच्योर होने की बात कहता था। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस या अन्य चार्ज के नाम पर रकम अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करा लेता था। आरोपी के बैंक खातों के खिलाफ उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से दो शिकायतें दर्ज हैं। इन खातों में करीब 2.88 लाख रुपये की रकम प्राप्त होने की पुष्टि हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन.कौन शामिल हैं। आरोपियों के नेटवर्क और ठगी के अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इंश्योरेंस पॉलिसी मैच्योर कराने के नाम पर यदि कोई अज्ञात व्यक्ति कॉल या मैसेज के जरिए पैसे मांगे तो सतर्क रहें। किसी भी प्रकार का भुगतान करने से पहले संबंधित बैंक या कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से सत्यापन अवश्य करें और संदिग्ध कॉल की सूचना तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराएं।
