
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा में रहने वाली महिला मीनू रानी को साइबर ठगों ने जाल में फंसाकर 51 लाख की ठगी कर डाली। मुनाफे के चक्कर में महिला खाते के अलावा पति, सास और रिश्तेदार के खाते से भी पैसे ट्रांसफर कर दिए। मोटी रकम मिलने के बाद ठगों ने महिला से संपर्क तोड़ दिया। मामले में पीड़िता की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में तीन साइबर अपराधियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुजेंद्र विहार में रहती है मीनू
पीड़ित मीनू रानी ने पुलिस को बताया कि वह ग्रेटर नोएडा की गुजेंद्र विहार सोसायटी में रहती है। उनके व्हाट्सऐप नंबर पर एक मैसेज आया। मैसेज करने वाले ने खुद का नाम हरि बताया। कथित हरि सिंह ने मीनू को फ्रेंकलिन का कर्मचारी बताते हुए निवेश के बारे में जानकारी देनी शुरु की। उसने बताया कि उसे शेयर बाजार में निवेश के क्षेत्र में 15 साल का अनुभव है। इसके बाद महिला को सी फोर इग्नाइट द स्पार्क ऑफ वेल्थ व्हाट्सऐप ग्रुप में ऐड कर दिया गया। ग्रुप पर कथित हरि सिंह रोज शेयर मार्केट में निवेश संबंधी लेक्चर देते थे। ग्रुप पर सौ से अधिक सदस्य जुड़े हुए थे। कुछ दिन यह चलता रहा। अचानक एक दिन ग्रुप की सदस्य आरती सिंह ने हरि के लेक्चर की पीडीएफ मीनू के मोबाइल पर भेजी।
आरती सिंह नाम की महिला भी शामिल
आरती सिंह ने शिकायतकर्ता महिला से कहा कि हरि सिंह ने एक महिला की मदद करने के लिए अमेजन से एक हजार रुपये के कई गिफ्ट बाउचर खरीदे हैं। उनकी ओर से मीनू समेत ग्रुप के सभी सदस्यों को गिफ्ट बाउचर दिया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने आरती सिंह द्वार भेजे गए गिफ्ट बाउचर को जब अमेजन पर अपनी आईडी से लॉगइन किया तो उसके खाते में एक हजार रुपये आ गए। इसके बाद हरि सिंह ने मीनू से कहा कि अगर वह उनके कहे अनुसार ट्रेडिंग और शेयर मार्केट में निवेश करेंगी तो तीन से पांच गुना मुनाफा एक महीने में मिलेगा। शिकायतकर्ता महिला को झांसे में लेने के बाद 51 लाख की ठगी कर ली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।